UP MLC Result : 11 सीटों में से 9 पर परिणाम घोषित, भाजपा को 5 और सपा को 4 सीटें

  • तीन स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में विजयी प्रत्याशियों का ऐलान, लखनऊ और वाराणसी स्नातक सीटों पर मतगणना जारी

लखनऊ (पंच पथ न्यूज़)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत 11 सीटों में से नौ सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इनमें तीन स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। घोषित परिणामों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) के खाते में चार सीटें गई हैं। वहीं, लखनऊ और वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल ने 24,929 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। आगरा स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’ 42,743 मतों के साथ विजयी घोषित किए गए। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के डॉ. मान सिंह यादव ने 60,358 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी भाजपा और सपा के बीच मुकाबला देखने को मिला। लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी ने 13,179 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव 11,612 मतों के साथ विजयी रहे। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल ने 14,046 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने 18,099 मत हासिल कर जीत दर्ज की। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों 21,672 मतों के साथ विजयी घोषित हुए। वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 16,790 मत प्राप्त कर जीत हासिल की।

लखनऊ और वाराणसी स्नातक सीटों पर मतगणना जारी
लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आठवें चरण की मतगणना पूरी होने के बाद अगले चरण की गणना शुरू कर दी गई। वहीं, वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पांचवें चरण की गणना समाप्त होने के बाद अगले चरण की मतगणना जारी रही। शाम आठ बजे तक प्राप्त सूचना के अनुसार, दोनों सीटों पर अंतिम परिणाम घोषित नहीं किए गए थे।

इस प्रकार, नौ सीटों के परिणाम घोषित होने के बाद अब सभी की निगाहें लखनऊ और वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button