Lucknow में BJP को बड़ा झटका, स्नातक MLC सीट पर सपा की कांति सिंह की धमाकेदार जीत

  • 17 हज़ार से ज़्यादा वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हराया, यूपी में सपा की सीटों की संख्या बढ़कर 4 हुई

लखनऊ (पंच पथ न्यूज़)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका दिया है। राजधानी लखनऊ की प्रतिष्ठित लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर सपा प्रत्याशी कांति सिंह ने भाजपा उम्मीदवार अवनीश कुमार सिंह को करारी शिकस्त देकर जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही भाजपा के कब्जे वाली सीट सपा के खाते में चली गई है।

घोषित नतीजों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी की कांति सिंह को कुल 56,905 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह को 39,778 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांति सिंह ने 17,127 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। राजधानी की इस सीट पर मिली हार को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के रक्षा मंत्री के गढ़ में सपा का झंडा हुआ बुलंद

यह चुनाव परिणाम इसलिए भी अहम है, क्योंकि लखनऊ को भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में राजधानी की स्नातक सीट पर सपा की जीत ने भाजपा की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उत्तर प्रदेश में सपा के इन उम्मीदवारों ने मारी बाजी-

वहीं, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपनी स्थिति मजबूत की है। लखनऊ स्नातक सीट पर कांति सिंह की जीत से सपा की विजयी सीटों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इससे पहले पार्टी वाराणसी शिक्षक, आगरा शिक्षक और इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज कर चुकी थी।

विधान परिषद चुनाव के नतीजों को वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सपा की लगातार मिल रही सफलताओं ने भाजपा के सामने राजनीतिक चुनौती बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि इन परिणामों का आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर कितना असर पड़ता है।

Related Articles

Back to top button