
- मुख्य अतिथि रहे विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान
लखनऊ (पंच पथ न्यूज़)। सहकारिता भवन में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति ऑल इंडिया पंजीकृत का प्रथम स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा सहित कई राज्यों से पहुंचे पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान रहे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत से हुआ, जिसकी प्रस्तुति सलमान सीतापुरी एवं अनूप निषाद ने की।
पत्रकारिता जज्बे और जिम्मेदारी का नाम
मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान ने कहा कि आज के समय में सकारात्मक पत्रकारिता करना आसान नहीं है। पत्रकारिता एक पैशन और जज्बे का काम है। सीमित संसाधनों और कम आय के बावजूद पत्रकार समाज को न्याय दिलाने की भावना से लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों को हृदय से प्रणाम करते हुए शिक्षा, उद्यमिता एवं विकास सहित प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों से समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी अहम भूमिका निभाते रहने की अपील की।
युवाओं को सुरक्षित रोजगार दिलाने का भरोसा
पवन सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार सहित किसी भी राज्य के पढ़े-लिखे, स्किल्ड अथवा नॉन-स्किल्ड युवा और युवतियां यदि नौकरी करना चाहते हैं तो उन्हें रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। संगठन के माध्यम से ऐसे लोगों को जोड़कर सुरक्षित रोजगार दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
पत्रकार सुरक्षा कानून पर विचार कर रही सरकार
पत्रकार सुरक्षा कानून की लगातार उठ रही मांग पर पवन सिंह चौहान ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। पत्रकारों को सुरक्षित और संरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाने की पूरी उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति जिस तरह लगातार प्रदेश और देश में कार्यक्रम कर रही है, उससे पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की मजबूती दिखाई देती है। पत्रकारों की सुरक्षा और उनके हितों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
टोल की समस्या सरकार के सामने रखेंगे
पत्रकारों को टोल में छूट नहीं मिलने की समस्या पर उन्होंने कहा कि टोल को लेकर राष्ट्रीय स्तर के कुछ नियम हैं, जिसके कारण राज्य सरकार सीधे तौर पर इसमें बदलाव नहीं कर सकती। इसके बावजूद पत्रकारों की समस्या को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकार सीमित संसाधनों में काम करते हैं। इसलिए सरकार की ओर से जहां भी राहत या संसाधनों की बचत की संभावना होगी, उस पर विचार किया जाएगा। पत्रकारों की अन्य समस्याओं को भी सरकार के सामने रखकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति का लगातार हो रहा विस्तार
राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति का उद्देश्य देशभर के पत्रकारों को एकजुट कर उनके हित, सम्मान और सुरक्षा के लिए मजबूती से आवाज उठाना है। संगठन लगातार विस्तार कर रहा है और आने वाले समय में अधिक से अधिक पत्रकारों को इससे जोड़कर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस समारोह में देश के अलग-अलग राज्यों से पत्रकारों और पदाधिकारियों का एक मंच पर एकत्र होना संगठन की एकता और मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा संगठन
उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राशिद खान चांद ने कहा कि पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने पत्रकारों से संगठन से जुड़ने और अन्य पत्रकार साथियों को भी संगठन से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के हित और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान द्वारा राष्ट्रीय महासचिव अरविंद दुबे को पदोन्नति देकर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा श्रीमती नीलम वर्मा को महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पदाधिकारियों की सराहनीय उपस्थिति रही। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ से पहुंचे पत्रकार साथियों का उत्साह और जुनून देखने लायक रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, मंडल एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
इस अवसर पर लखनऊ मंडल मीडिया प्रभारी असद जुनैद, मंडल उपाध्यक्ष दानिश कुरैशी, मंडल सचिव शाहनवाज बाग, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रताप तिवारी, लखनऊ मंडल अध्यक्ष जावेद खान तथा मंडल उपाध्यक्ष आसिफ खान सहित संगठन के पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जनपद कानपुर से पधारी संगठन की राष्ट्रीय सचिव सर्वेश कुमारी ने किया। स्थापना दिवस समारोह के दौरान पत्रकारों में उत्साह और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता देखने को मिली। कार्यक्रम का समापन पत्रकारों के हित, सम्मान एवं सुरक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।



