‘वन नेशन, वन एनेमी’ के नारे से गूंजा Rahul Gandhi का आवास, विपक्षी बैठक में Neha Bora ने खींचा ध्यान

  • राहुल गांधी से पहले नेहा बोरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को किया संबोधित 
  • विपक्षी नेताओं की बैठक के बाद मीडिया का लगा जमावड़ा

नई दिल्ली (पंच पथ न्यूज़)। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पांच सुनहरी बाग रोड पर मंगलवार को विपक्षी नेताओं की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेहा बोरा चर्चा का केंद्र रहीं। उन्होंने ‘वन नेशन, वन एनेमी’ का नारा देते हुए भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता का संदेश दिया। बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी अप्रत्याशित मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में ध्यान खींचा।

नेहा बोरा ने अपनी बात ‘वी द पीपल’ से शुरू की। उन्होंने कहा कि भाजपा से मुकाबला करने के लिए पूरा देश एकजुट होगा। उनका कहना था कि पूरा विपक्ष एक है और पूरा देश भी एकजुट होकर मुकाबला करेगा। उनकी धारदार भाषा और सीधे अंदाज को विपक्ष की बैठक का एक प्रमुख आकर्षण माना गया।राहुल गांधी के आवास पर जुटे विपक्षी नेता
राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं को चाय पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। इसके बाद शाम करीब साढ़े तीन बजे से नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया। सोनिया गांधी भी करीब चार बजे वहां पहुंचीं। बैठक में तेजस्वी यादव, महुआ मोइत्रा, डी. राजा, संजय राउत, सागरिका घोष, इकरा हसन, प्रिया सरोज, मनोज झा, शशि थरूर, डीके शिवकुमार, अवधेश प्रसाद और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत की। इसके बाद नेहा बोरा ने मीडिया को संबोधित किया, जबकि राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का समापन किया और पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने भी मीडिया के सामने अपनी बात रखी।सुनहरी बाग रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विपक्षी नेताओं की बैठक को देखते हुए सुनहरी बाग रोड को दोपहर से ही बंद कर दिया गया था। मौके पर सीआरपीएफ के सैकड़ों जवान तैनात रहे। नेताओं के पहुंचने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और मीडिया की गतिविधियां तेज हो गईं।

राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, कैमरामैन और फोटोग्राफर मौजूद रहे। जगह की कमी के कारण कुछ कैमरामैन और फोटोग्राफरों को ऊंचाई से तस्वीरें लेने के लिए तख्तों पर खड़ा होना पड़ा।नेताओं की बाइट और तस्वीरों के लिए लगी होड़
पूरी सुनहरी बाग रोड पर मीडिया कर्मियों की भारी भीड़ दिखाई दी। पत्रकार नेताओं की बाइट लेने, तस्वीरें खींचने और उनसे बातचीत करने के लिए लगातार सक्रिय रहे। सचिन पायलट और शशि थरूर के आसपास भी मीडिया कर्मियों की खासा भीड़ रही।

विपक्षी नेताओं की आवाजाही के बीच पत्रकार मौके से खबरें तैयार कर अपने संस्थानों को भेजते रहे। राजनीतिक गतिविधियों की कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों की बड़ी संख्या ने पूरे इलाके को एक बड़े राजनीतिक और मीडिया केंद्र में बदल दिया।

इस पूरे घटनाक्रम में जहां विपक्षी दलों की बैठक और एकजुटता राजनीतिक चर्चा का विषय रही, वहीं नेहा बोरा के भाषण और उनके सीधे संवाद के अंदाज ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

Related Articles

Back to top button