आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ बेटियों को मिला सम्मान, खिल उठे चेहरे

  • समाजसेवी सागर गुप्ता ने 48 दिवसीय प्रशिक्षण के समापन पर 75 बालिकाओं उपहार भेंट कर किया सम्मानित, बेटियों का बढ़ाया उत्साह

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। विकासखंड खैराबाद के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर खुर्द में गुरुवार को 48 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं समाजसेवी सागर गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 75 बालिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की खेल शिक्षिका नाज़िया सिद्दीकी ने 48 दिनों तक बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखाए। प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस विकसित करना था।
कार्यक्रम में सागर गुप्ता ने बालिकाओं से संवाद कर प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों का शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से परिपूर्ण होना ही सशक्त समाज की पहचान है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के साथ कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने की शक्ति भी देता है।
उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शारदानंद यादव, सहायक अध्यापक रामबालक पटेल, सहायक अध्यापिका नेहा निगम, सोनिया सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Related Articles

Back to top button