
- UPI पिन और OTP साझा न करें: सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर प्रशासन की सख्त चेतावनी
सीतापुर ( पंच पथ न्यूज़)। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जनपद सीतापुर में साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं में सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्रों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
पहली कार्यशाला का आयोजन प्रातः 10:00 बजे जिला विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दिव्य कीर्ति बाजपेयी, इंजीनियर सुधीर कांत वर्मा तथा इंजीनियर अखिल सक्सेना ने सरकारी शिक्षकों, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के वीएलई, जिला अधिकारी कार्यालय एवं विकास भवन के कर्मचारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर फ्रॉड की पहचान और उससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दूसरी कार्यशाला दोपहर 2:00 बजे एनआईसी (NIC) मीटिंग हॉल में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्री पराग माहेश्वरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें छात्रों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन व्यवहार से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दोनों कार्यशालाओं में विशेष रूप से यह बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में अपना UPI पिन, OTP या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। ऑनलाइन खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें तथा मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) को अनिवार्य रूप से अपनाएं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे स्वयं सुरक्षित इंटरनेट का उपयोग करें और अपने परिवार व समाज में भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं, ताकि डिजिटल दुनिया को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया जा सके।



