तहसीलों में लगा सम्पूर्ण समाधान दिवस, 443 शिकायतों में 60 का मौके पर निस्तारण

  • जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में तहसील सिधौली में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी सात तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सिधौली में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान जिले की सातों तहसीलों में कुल 437 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 60 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।

तहसील सिधौली में जिलाधिकारी ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच करने और प्रभावी समाधान करने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आंकड़ों के अनुसार, तहसील सिधौली में सर्वाधिक 161 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर में 35 शिकायतों में से 5, महोली में 26 में से 3, बिसवां में 51 में से 7, महमूदाबाद में 60 में से 15, मिश्रिख में 47 में से 6 और लहरपुर में 57 शिकायतों में से 6 का निस्तारण मौके पर किया गया।

शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को पृष्ठांकित करते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सिधौली अवनीश कुमार, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button