एडीएम (न्यायिक) खालिद अंजुम संग एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखा कर वाहनों को किया रवाना
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग सीतापुर द्वारा सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम जी ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकना केवल प्रशासन या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अपनी आदत में शामिल करें। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया। यातायात नियमों का पालन केवल कानून के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित गति सीमा का पालन करना, गलत दिशा में वाहन न चलाना और यातायात संकेतों का सम्मान करना बेहद जरूरी है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करना सीधे तौर पर अपनी जिंदगी को खतरे में डालने जैसा है। वाहन चालक को सड़क पर पूरी सावधानी और एकाग्रता के साथ वाहन चलाना चाहिए। मोबाइल पर बातचीत या अन्य गतिविधियों से बचना चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि 30 नवंबर तक जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनें और चार पहिया वाहन में प्रत्येक यात्री सीट बेल्ट का प्रयोग करे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों को अपनाकर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
शुभारंभ समारोह के उपरांत अपर जिलाधिकारी न्यायिक महोदय ने प्रचार वाहनों एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिवहन दफ्तर परिसर से शुरू हुई प्रचार वाहन रैली वैदेही वाटिका तक निकाली गई। बाइक सवारों ने सिर पर हेलमेट लगाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। रैली के माध्यम से आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, मोटर ड्राइविंग से जुड़े लोग, वाहन स्वामी 250 से अधिक लोग मौजूद रहे।



