
- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर खैराबाद के भूमिजा प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ भव्य समारोह, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शिक्षकों से किया संवाद
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को भूमिजा प्रेक्षागृह, खैराबाद में शिक्षकों से संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया।
समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, बिसवां विधायक निर्मल वर्मा, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत कर पर्यावरणीय पौधे भेंट किया। इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय जमैयतपुर के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि प्राथमिक विद्यालय मिश्रापुर के बच्चों ने स्वागत गीत एवं योग प्रदर्शन से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन का आह्वान किया।
राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने अपने संबोधन में शिक्षकों से विद्यालयों में समर्पण भाव से कार्य करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की अपील की।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच शिक्षकों तथा माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं ओडीओपी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सम्मानित शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को जलपान वितरित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। :::



