Vladimir Putin India Visit 2025: पुतिन आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे, PM MODI संग डिनर, कई बड़े समझौतों पर नज़र

(पंच पथ न्यूज़) भारत दौरे के लिए रवाना हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे। मॉस्को से उड़ान भरने के बाद उनका विमान देर शाम पालम एयरफोर्स स्टेशन पर लैंड करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर पुतिन के सम्मान में निजी डिनर का आयोजन करेंगे। इस मुलाकात को भारत–रूस संबंधों के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुतिन के साथ लगभग 130 सदस्यों का हाई-लेवल प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है। दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट घोषित करते हुए कई इलाकों में रूट डायवर्जन और कड़े प्रोटोकॉल लागू किए हैं। पुतिन के काफिले में उनकी विशेष कार ‘Aurus Senat’ भी शामिल होगी, जिसे चलते-फिरते किले जैसा सुरक्षा सिस्टम माना जाता है।

पुतिन का यह दौरा इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। माना जा रहा है कि आज रात PM मोदी और पुतिन के बीच होने वाली अनौपचारिक बातचीत में आने वाले वर्षों की रणनीतिक दिशा पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। दोनों नेता रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, टेक्नोलॉजी और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी धारणा साझा करेंगे।

कल यानी 5 दिसंबर को राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद भारत-रूस का 23वां वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। इस शिखर बैठक में कई बड़े समझौते होने की संभावना है। इनमें S-400 मिसाइल सिस्टम के अगले चरण, जॉइंट डिफेंस प्रोडक्शन, ऊर्जा सप्लाई, कच्चे तेल की दीर्घकालिक व्यवस्था, गैस पाइपलाइन सहयोग, व्यापार को 100 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य और मीडिया-संस्कृति से जुड़े समझौते शामिल हो सकते हैं।

भारत और रूस दशकों से करीबी रणनीतिक साझेदार रहे हैं। ऐसे में पुतिन का यह 26 घंटे का छोटा लेकिन बेहद अहम दौरा आने वाले वर्षों में दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती दे सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा वैश्विक राजनीति और एशिया में शक्ति संतुलन के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button