- पदाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में हुआ बदलाव, अनुशासन समिति का गठन
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जिला मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी की मासिक संगठनात्मक बैठक आहूत की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ ममता वर्मा ने की। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला अध्यक्ष ने संगठन को चुस्त दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। जिसमें जिला अध्यक्ष ने एक अनुशासन समिति बनाई गई है तथा विभिन्न पदाधिकारियों के प्रभार क्षेत्रों में परिवर्तन किया गया है।
जिला अध्यक्ष डॉ ममता वर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश हो या राजनीतिक दल हो या घर हो, बिना अनुशासन के नहीं चलते। इसलिए कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एक अनुशासित सिपाही की तरह जननायक राहुल गांधी के विचारों को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने साफ संकेत दिए कि अनुशासनहीनता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तीन सदस्यीय अनुशासन समिति में जिला अध्यक्ष द्वारा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कमला रावत को अध्यक्ष तथा त्रिभुवन सिंह यादव व मुनीन्द्र अवस्थी को समिति का सदस्य बनाया गया है। साथ ही साथ जिला प्रवक्ता की जिम्मेदारी पूर्व उपाध्यक्ष राजकिशोर सिंह को सौंपी गई है। कार्यालय का प्रभार अनिल दीवान को दिया गया है। वहीं जिला महासचिव श्रेष्ठ तिवारी को प्रभारी सदस्यता अभियान, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान को प्रभारी फ्रंटल/विभाग/प्रकोष्ठ तथा दानिश नकवी को संगठन का प्रभार दिया गया है।
जिला अध्यक्ष ने बैठक को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि आगामी दिनों में संगठन में और परिवर्तन किए जाएंगे। जो पदाधिकारी मेहनत और लगन से काम कर रहे हैं उनकी सराहना करते हुए जिला अध्यक्ष ने आगामी रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए सभी के सुझाव लिए।
बैठक का संचालन जिला कोषाध्यक्ष संजीव नाथ गुप्ता जी ने किया तथा बैठक को प्रमुख रूप से पूर्व ज़िलाध्यक्ष श्री उत्कर्ष अवस्थी, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश निषाद, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राजेश सिंह तोमर, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अनुपमा द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष रिज़वान अहमद, जिला महामंत्री श्रेष्ठ तिवारी,जिला सचिव अनिल दीवान, आदि ने संबोधित किया।



