समाधान दिवस में सुनी गईं नगरवासियों की समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। नगर पालिका परिषद सीतापुर कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित समाधान दिवस में नगरवासियों की विभिन्न जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती नेहा अवस्थी, एसडीएम न्यायिक श्रीमती सीमा सिंह एवं अधिशासी अधिकारी श्री विकास कुमार ने संयुक्त रूप से उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतों का संज्ञान लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने जलकल, निर्माण कार्य, गृहकर, नामांतरण, स्ट्रीट लाइट, वाटर पाइपलाइन लीकेज तथा सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा अवस्थी ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम न्यायिक श्रीमती सीमा सिंह ने भी शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं अधिशासी अधिकारी श्री विकास कुमार ने कहा कि नगर पालिका नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा प्राप्त सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई।

नगर पालिका परिषद सीतापुर ने दोहराया कि नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button