Sitapur ग्रास फार्म झाड़ियों में चल रही थी अवैध शस्त्र फैक्ट्री, पुलिस ने किया भंडाफोड़

  • SOG और कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्यवाई, दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। कोतवाली नगर पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने अवैध शस्त्र बनाने और मरम्मत करने वाली कथित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो हिस्ट्रीशीटर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कई तमंचे, कारतूस, कूटरचित नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस और SOG की टीम ने कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान ग्रास फील्ड की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार इमरान पुत्र अमीन निवासी ड्योड़ी डीह, थाना तम्बौर को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल की डिग्गी से 315 बोर के तीन चालू तमंचे और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मोटरसाइकिल की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि उस पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी हुई थी। मोटरसाइकिल का वास्तविक नंबर UP31 BU 1214 बताया गया है, जबकि उस पर UP31 AW 2832 नंबर की प्लेट लगी थी।

पुलिस के अनुसार, इमरान की निशानदेही पर टीम ने ग्रास फार्म के अंदर बिजली ऑफिस के पास घनी झाड़ियों में दबिश दी। यहां मोमबत्ती की रोशनी में कथित तौर पर अवैध शस्त्र बनाए और मरम्मत किए जा रहे थे। मौके से निसार पुत्र मेंहदी निवासी ड्योड़ी डीह को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

मौके से पुलिस ने 315 बोर के तीन चालू तमंचे, 12 बोर के चार तमंचे जो मरम्मत के लिए रखे गए थे, 12 बोर की एक अद्धी, 315 बोर का एक अर्धनिर्मित तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और पांच खोखा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली भट्ठी, धौंकनी, वर्मा मशीन, रिंच, छेनी, हथौड़े, रेती, गिरमिट, सुहागा और लोहे की नाल व फ्रेम समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी इमरान उर्फ कालिया और निसार थाना तम्बौर के हिस्ट्रीशीटर हैं। इमरान के खिलाफ सीतापुर के अलावा बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोंडा और सिद्धार्थनगर जिलों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और अवैध हथियारों से जुड़े करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं। निसार के खिलाफ भी सीतापुर और बहराइच में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 221/26 दर्ज किया गया है। इसमें आर्म्स एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली नगर और SOG की टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button