
- नींव मज़बूत करने की जद्दोजहद कर रही कांग्रेस
- जल्द ही बदले जाएंगे जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष, मन टटोल रहे दिल्ली से आए ऑब्जर्वर
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। कांग्रेस पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में संचालित “संगठन सृजन अभियान” के अंतर्गत संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है।
इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के ऑब्जर्वर अनंत दहिया एवं यूपी कांग्रेस कमेटी (PCC) के ऑब्जर्वर बृज मौर्या मंगलवार को सीतापुर पहुंचे। अपने प्रथम दिवस पर उन्होंने जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से विस्तृत संवाद कर संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी रणनीति पर चर्चा की।

बुधवार को दोनों ऑब्जर्वर्स ने जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर अनंत दहिया ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाना तथा जिले के लिए एक सक्षम, सक्रिय, सर्वस्वीकार्य एवं मजबूत जिला कांग्रेस अध्यक्ष का चयन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले की सभी विधानसभाओं, 19 ब्लॉकों तथा शहर के सभी वार्डों में पहुंचकर कांग्रेस के वरिष्ठ, पुराने एवं नए साथियों से व्यापक संवाद किया जाएगा। इस संवाद प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे नेतृत्व का चयन किया जाएगा, जो संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता हो।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदारों के लिए पार्टी द्वारा निर्धारित आवेदन प्रपत्र सार्वजनिक किए गए तथा इच्छुक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को आवेदन पत्र वितरित किए गए। साथ ही आगामी आठ दिनों के संगठनात्मक प्रवास का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी किया गया, जिसके अंतर्गत जिले के सभी 19 ब्लॉकों में संवाद एवं बैठकें आयोजित की जाएंगी।
लगभग दो दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद हेतु आवेदन पत्र प्राप्त किए।
इस अवसर पर PCC ऑब्जर्वर बृज मौर्या ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा, नई सक्रियता और नई मजबूती प्रदान करना है। कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं के सुझावों और सहभागिता के आधार पर संगठन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाया जाएगा।



