जनपदीय बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन जमकर निखरी छात्र छात्राओं की प्रतिभा, मिला सम्मान

  • प्रथम स्थान प्राप्त कर बिसवां बना चैंपियन, परसेंडी ने भी दिखाया दम मिला दूसरे स्थान

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जनपदीय बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 के द्वितीय दिवस पर खो-खो एवं एथलेटिक्स की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत 50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में आदर्श कुमार राजपूत ने प्रथम, जसीम (सिधौली) ने द्वितीय तथा अखंड प्रताप सिंह (एलिया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में शिवांकी ने प्रथम, अंकित (सिधौली) ने द्वितीय तथा रानी (रेउसा) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में मनोज कुमार (रेउसा) प्रथम, श्लोक (पहला) द्वितीय तथा देवराज (एलिया) तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में राधा (खैराबाद) ने प्रथम, निधि (परसेंडी) ने द्वितीय तथा सुनैना (एलिया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।लंबी कूद के बालक वर्ग में अनुज (महोली) ने प्रथम, मोहन (बिसवां) ने द्वितीय तथा श्लोक (पहला) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में गौरी (महोली) प्रथम, आरोही वाजपेयी (पिसावां) द्वितीय तथा अल्फिशा (बिसवां) तृतीय स्थान पर रहीं।
खो-खो प्रतियोगिता के बालक वर्ग में विकासखंड परसेंडी ने प्रथम तथा पहला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में परसेंडी की टीम प्रथम तथा बिसवां की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
प्राथमिक एवं जूनियर स्तर पर बालक-बालिका वर्ग के संयुक्त अंकों के आधार पर विकासखंड बिसवां ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि विकासखंड परसेंडी दूसरे स्थान पर रहा।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष नारायण गुप्ता एवं परियोजना अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए तथा उनका उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेंद्र सिंह ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा, लौंग श्री यादव सहित शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।

Related Articles

Back to top button