
- उद्योग के साथ राष्ट्र निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई, रैडिको खेतान सीतापुर में मनाया गया गणतंत्र दिवस
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रैडिको खेतान लिमिटेड की सीतापुर इकाई राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आई। इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने न सिर्फ संविधान के प्रति सम्मान को रेखांकित किया, बल्कि संगठन और कर्मचारियों के बीच मजबूत सामूहिक भावना का भी परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ इकाई प्रमुख एवं मुख्य अतिथि अंशु श्रीवास्तव के स्वागत के साथ हुआ। इसके उपरांत उनके द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। समारोह में मानव संसाधन प्रमुख श्री अजय गोस्वामी सहित सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, ठेकेदार कर्मी और उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात अपने संबोधन में इकाई प्रमुख अंशु श्रीवास्तव ने संविधान के आदर्शों, राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अहम है। मानव संसाधन प्रमुख अजय गोस्वामी ने भी अपने वक्तव्य में अनुशासन, गुणवत्ता और सतत विकास को रैडिको खेतान की कार्यसंस्कृति का मूल आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों एवं उनके परिजनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को जीवंत बना दिया। देशभक्ति गीतों, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया और माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं और वर्ष भर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों एवं सहयोगी स्टाफ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन की विशेष झलक रही बॉटलिंग प्लांट तक निकाली गई तिरंगा यात्रा, जिसमें “भारत माता की जय” के नारों के साथ कर्मचारियों ने देश के प्रति अपनी एकजुटता और गर्व का संदेश दिया।
समारोह के दौरान सभी उपस्थितजनों ने सुरक्षा, गुणवत्ता और परिचालन उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए संगठन एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम का समापन मानव संसाधन प्रमुख श्री अजय गोस्वामी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
गौरतलब है कि रैडिको खेतान लिमिटेड न केवल औद्योगिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और कौशल विकास के क्षेत्रों में भी सतत योगदान दे रही है। एक जिम्मेदार कॉरपोरेट नागरिक के रूप में रैडिको खेतान समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है।



