
- खैराबाद में ई-रिक्शा संचालन में बड़ा बदलाव, अब तय रूट पर चलेंगे ई-रिक्शा

(पंच पथ न्यूज़)
खैराबाद, सीतापुर। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद खैराबाद द्वारा नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। इसी क्रम में 30 जनवरी शुक्रवार को ई-रिक्शा संचालन प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस प्रणाली का उद्घाटन समाजसेवी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस पहल का उद्देश्य नगर में ई-रिक्शाओं के अव्यवस्थित संचालन पर नियंत्रण लगाना, यातायात को सुगम बनाना तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नगर पालिका परिषद द्वारा अब तक कुल 328 ई-रिक्शाओं का पंजीकरण किया जा चुका है।
ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए नगर में पाँच निर्धारित रूट तय किए गए हैं, जिन्हें अलग-अलग कलर कोड प्रदान किया गया है।
रूट इस प्रकार हैं—
● रूट संख्या 01: लखनऊ चुंगी से खैराबाद थाना
● रूट संख्या 02: डी0जे0 कॉलेज चौराहा से बिसवां रोड
● रूट संख्या 03: डी0जे0 कॉलेज चौराहा से सीतापुर रोड
● रूट संख्या 04: डी0जे0 कॉलेज चौराहा से कसरैला लहरपुर रोड
● रूट संख्या 05: डी0जे0 कॉलेज चौराहा से मछरेहटा रोड
सभी पंजीकृत ई-रिक्शाओं पर होलोग्राम एवं क्यूआर कोड युक्त स्टीकर लगाए गए हैं, जिनमें वाहन चालक एवं स्वामी का पूरा विवरण अंकित रहेगा। क्यूआर कोड स्कैन करते ही वाहन और चालक से संबंधित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी।
नगर पालिका परिषद ने स्पष्ट किया है कि अब सभी ई-रिक्शा केवल अपने निर्धारित रूट पर ही संचालित किए जाएंगे। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन भी मिल सकेगा।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मनोज कुमार राना, समस्त सभासदगण सहित नगर पालिका कर्मचारी नदीम आलम, प्रदीप कुमार, मोहम्मद रिज़वान, अनुज कुमार, तौफीक अहमद, सुमेन्द्र मिश्रा (गोलू), राम कुमार, शैलेन्द्र कुमार, धीरज कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।
नगर पालिका परिषद खैराबाद का यह प्रयास नगर के आधुनिक, सुरक्षित और अनुशासित यातायात प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



