- अब तय रूट पर चलेंगे ई-रिक्शा, ट्रैफिक जाम से राहत की कोशिश
(पंच पथ न्यूज़)
सीतापुर। जिले में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने और ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सीतापुर जिला प्रशासन ने एक अहम पहल की है। जिला प्रशासन द्वारा सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और सीतापुर पुलिस विभाग के सहयोग से ई-रिक्शाओं के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित करते हुए कलर प्लेट और QR कोड आधारित रूट सिस्टम लागू किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक ई-रिक्शा को उसके निर्धारित रूट के अनुसार विशेष कलर प्लेट प्रदान की गई है, जिस पर QR कोड भी अंकित है। इस QR कोड को स्कैन करने पर ई-रिक्शा, चालक और निर्धारित रूट से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। इससे न केवल अवैध संचालन पर रोक लगेगी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था ट्रैफिक को आसान और सुचारू बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। ई-रिक्शाओं के अनियंत्रित संचालन से लगने वाले जाम की समस्या को कम करने के लिए हर रूट पर नामित रूट इंचार्ज तैनात किए गए हैं, जो व्यवस्था की कड़ी निगरानी करेंगे।

नगर पालिका, नगर पंचायत और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम समय-समय पर रूटों का निरीक्षण करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से न सिर्फ यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और अनुशासित परिवहन का लाभ मिलेगा। यह पहल सीतापुर जिले को आधुनिक और व्यवस्थित यातायात प्रणाली की ओर ले जाने वाला एक ठोस कदम मानी जा रही है।



