- नेहा अवस्थी की पहल: मेधावियों के सम्मान से बच्चों को मिला प्रेरणा संदेश
- 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 300 छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। नगर पालिका परिषद सीतापुर ने जनपद के मेधावी विद्यार्थियों एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने भाग लिया। समारोह का उद्देश्य शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित विभिन्न पार्कों में प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता स्थान हासिल करने वाली बेटियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन प्रतिभाशाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
इसके साथ ही सीतापुर जिले के टॉपर्स विद्यार्थियों को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं विशेष उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष श्रीमती नेहा अवस्थी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर बच्चे को मेहनत और लगन के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु जी’, एमएलसी पवन सिंह चौहान, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत मुनीन्द्र अवस्थी तथा स्वच्छ भारत मिशन नगर पालिका परिषद सीतापुर के ब्रांड एंबेसडर नमींद्र अवस्थी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। उन्होंने नगर पालिका परिषद सीतापुर एवं अध्यक्ष श्रीमती नेहा अवस्थी की इस पहल को शिक्षा और खेल को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।



