
दिल्ली (पंच पथ न्यूज़)। SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली में विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। शाम होते-होते पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें बस में बैठाकर वहां से ले गई।
राहुल गांधी मंगलवार दोपहर से आकाशवाणी भवन के पास प्रियंका गांधी के साथ मौजूद थे। दोनों नेता चुनाव आयोग की ओर जाने की तैयारी में थे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को वहां बैठे देख धीरे-धीरे कांग्रेस के कार्यकर्ता और अन्य नेता भी मौके पर पहुंचने लगे।
राहुल गांधी पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर बैठ गए, जबकि प्रियंका गांधी समेत अन्य नेता जमीन पर चटाई बिछाकर बैठ गए। इसी दौरान मौके पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। दोपहर में राहुल गांधी ने वहीं पेड़ के नीचे बैठकर भोजन भी किया।
समय बीतने के साथ प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती गई। शाम तक बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता वहां जुट गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को वहां से हटाया और हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया।
विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चुनाव आयोग तक मार्च करने की कोशिश की थी।



