Markazi Chand Committee का ऐलान: रमज़ानुल मुबारक का चाँद नज़र आया, 19 फरवरी से पहला रोज़ा

लखनऊ (पंच पथ न्यूज़)। शहर में आज देर शाम उस वक्त रूहानी माहौल बन गया जब Markazi Chand Committee, फरंगी महल ने रमज़ानुल मुबारक का चाँद नज़र आने की तस्दीक़ कर दी। कमेटी के सदर और शहर काज़ी Maulana Khalid Rasheed Farangi Mahli ने ऐलान करते हुए बताया कि 29 शाबान 1447 हिजरी, मुताबिक 18 फरवरी 2026 को चाँद की रुइयत की पुष्टि हो गई है। इसके साथ ही रमज़ानुल मुबारक का पहला रोज़ा 19 फरवरी 2026, बृहस्पतिवार को रखा जाएगा।

जारी बयान में कहा गया कि चाँद दिखने की सूचना विभिन्न स्थानों से प्राप्त हुई, जिसके बाद शरई उसूलों के तहत तस्दीक़ कर आधिकारिक ऐलान किया गया। ऐलान होते ही शहर की मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ की तैयारियाँ शुरू हो गईं और अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखा गया।
मौलाना ख़ालिद रशीद फरंगी महली ने अपने पैग़ाम में तमाम मुसलमानों को रमज़ानुल मुबारक की दिली मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि रमज़ान सब्र, तक़वा, इबादत और इंसानियत की ख़िदमत का महीना है। रोज़ा महज़ भूख-प्यास का नाम नहीं, बल्कि अपने नफ़्स पर काबू पाने और समाज में हमदर्दी व भाईचारे को मज़बूत करने का ज़रिया है।
कमेटी के जनरल सेक्रेटरी Maulana Naeem-ur-Rahman Siddiqui ने अपील की कि रमज़ान के दौरान लोग इबादत के साथ-साथ ज़रूरतमंदों की मदद का भी ख़ास ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि यह महीना रहमत, मग़फिरत और जहन्नम से निजात का पैग़ाम लेकर आता है, लिहाज़ा हर शख़्स को चाहिए कि वह नमाज़, तिलावत-ए-क़ुरआन, ज़कात और सदक़ा के ज़रिये अपने अमल को बेहतर बनाए।
रमज़ान के आग़ाज़ के साथ ही लखनऊ के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। सहरी और इफ्तार की तैयारियों को लेकर लोगों में खासा जोश देखा जा रहा है। मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ का सिलसिला आज रात से शुरू होगा।
शहर की धार्मिक व सामाजिक तंजीमों ने भी इस मौके पर अमन, सौहार्द और भाईचारे को कायम रखने की अपील की है, ताकि रमज़ान का यह पाक महीना पूरे मुल्क में शांति और मोहब्बत का पैग़ाम दे सके।

Related Articles

Back to top button