नैपालापुर में ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, मोइन की पीठ में लगी गोली; तीन आरोपी गिरफ्तार
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जनपद में बीती रात गोलीकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई। नैपालापुर स्थित नमरा हॉस्पिटल के पास कुछ लोगों ने पुराना शहर निवासी अब्दुल मोइन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली मोइन की पीठ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात पुलिस चौकी के समीप होने से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब्दुल मोइन अपने एक साथी के साथ दवा लेने के लिए नमरा हॉस्पिटल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरे, पहले से मौजूद हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से घायल मोइन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर नेहा त्रिपाठी जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।
घायल अब्दुल मोइन, निवासी पक्का बाग पुराना सीतापुर, ने आरोप लगाया कि सद्दाम पुत्र लल्लन से उनका पुराना विवाद चल रहा था। उनके मुताबिक, इस विवाद को लेकर दो-तीन बार बातचीत भी हो चुकी थी और करीब तीन महीने पहले मारपीट की घटना भी हुई थी। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी सद्दाम और उसके साथी खैराबाद क्षेत्र के निवासी हैं।

मामले में दी गई नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई करते हुए बीती रात ही सद्दाम समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
हालांकि, गोलीकांड के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, विवाद की जड़ क्या थी और फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।



