
- लीग मुकाबले समाप्त, क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं आठ टीमें
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। राजा कॉलेज मैदान में आयोजित यूपी 34 प्रीमियर लीग सीजन-2 का लीग चरण रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हो गया। टूर्नामेंट के पांचवें दिन खेले गए पांच मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। 16 टीमों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा के बाद आठ टीमों का सफर समाप्त हो गया, जबकि बेहतर प्रदर्शन के दम पर आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
पांचवें दिन का पहला मुकाबला राज महोली और लीजेंड्स इलेवन के बीच खेला गया। राज महोली ने जीशान की 18 गेंदों पर 83 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत आठ ओवर में 172 रन बनाए। जवाब में लीजेंड्स इलेवन की टीम 61 रन ही बना सकी। राज महोली ने 111 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। जीशान को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में हनुमान टीवीएस इलेवन को वसीम इलेवन ने सात विकेट से शिकस्त दी। आर्यन ने 15 गेंदों पर 44 रन बनाने के साथ चार विकेट हासिल कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। तीसरे मुकाबले में मुनीर इलेवन ने अमन स्ट्राइकर्स को पांच विकेट से हराया। मेहताब ने महज 16 गेंदों पर 58 रनों की तूफानी पारी खेलकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
चौथे मुकाबले में सागर स्ट्राइकर्स ने हनुमान टीवीएस इलेवन को 43 रनों से पराजित किया। सरताज ने एक ओवर में तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। वहीं, पांचवें मुकाबले में फिनटेक सोलर ने पावर स्ट्राइकर्स के खिलाफ 153 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में पावर स्ट्राइकर्स की टीम 85 रन ही बना सकी। फिनटेक सोलर ने 68 रनों से जीत दर्ज की। दो ओवर में पांच विकेट लेने वाले शोभित मैन ऑफ द मैच रहे।
लीग चरण समाप्त होने के बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली आठ टीमों में फिनटेक सोलर, मुनीर इलेवन, सागर स्ट्राइकर्स, वकील लस्सी क्लब, बॉम्बे जायका क्लब, राज चैलेंजर्स महोली, नोमानी स्पोर्ट्स और वसीम इलेवन शामिल हैं।
20 नवंबर को होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शाम 5:30 बजे फिनटेक सोलर और मुनीर इलेवन, शाम 7 बजे सागर स्ट्राइकर्स और वकील लस्सी क्लब, रात 8:30 बजे बॉम्बे जायका क्लब और राज चैलेंजर्स महोली तथा रात 10 बजे नोमानी स्पोर्ट्स और वसीम इलेवन आमने-सामने होंगी। इन मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली चार टीमें 21 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
टूर्नामेंट के अध्यक्ष एवं ब्रांड एंबेसडर सागर गुप्ता ने लीग चरण के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, टीम मालिकों और आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूपी 34 प्रीमियर लीग का उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों का संघर्ष, अनुशासन और समर्पण ही उनकी असली उपलब्धि है।
टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट फेडरेशन (इंडिया) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के आयोजकों ने खेलप्रेमियों और सीतापुरवासियों से क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल मुकाबलों में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


