
दलित का बेटा बनेगा सीएम, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम! ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से यूपी की सियासत में नई हलचल
● रेहान अंसारी
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बयानबाजी से लेकर रैलियों तक का दौर शुरू हो चुका है। राजनीतिक दल नए गठबंधन बनाने और नए सामाजिक समीकरण साधने में जुटे हैं। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित की गई। गठबंधन बनने के बाद यह पहला मौका है, जब AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक साथ इतने बड़े मंच से हुंकार भर रहे हैं। इस महारैली में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान जताया गया।
रैली से पहले राजधानी में लगे होर्डिंग और पोस्टर भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। इन पर लिखा गया नारा- ‘दलित का बेटा सीएम बनेगा और अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा’ गठबंधन की राजनीतिक रणनीति और सत्ता में हिस्सेदारी के संदेश को साफ तौर पर जाहिर करता है। इसके जरिए गठबंधन ने दलित और मुस्लिम समाज को एक साथ जोड़ने की कोशिश की है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश किया जा रहा है, जबकि मुस्लिम समाज को उपमुख्यमंत्री पद में हिस्सेदारी का संदेश दिया जा रहा है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की आबादी करीब 19 प्रतिशत और दलित समाज की आबादी लगभग 21 प्रतिशत मानी जाती है। दोनों वर्गों को मिलाकर यह आंकड़ा करीब 40 प्रतिशत तक पहुंचता है। यही वह सामाजिक समीकरण है, जिसके सहारे ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद प्रदेश की राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ओवैसी की नजर मुस्लिम मतदाताओं पर है, तो चंद्रशेखर आजाद की दलित समाज और युवाओं में अपनी राजनीतिक पकड़ को विस्तार देने की रणनीति है।
सीतापुर से भी पहुंची सैकड़ों की भीड़
लखनऊ में आयोजित इस महारैली के लिए अवध क्षेत्र समेत आसपास के जनपदों से भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। राजधानी से करीब 90 किलोमीटर दूर सीतापुर जनपद से भी बड़ी संख्या में लोग रैली में शामिल होने पहुंचे। AIMIM उत्तर प्रदेश के महासचिव सेंट्रल काशिफ अंसारी के मुताबिक, सीतापुर से करीब 38 से 40 चार पहिया वाहन लखनऊ पहुंचे हैं। वहीं लहरपुर विधानसभा क्षेत्र से लगभग तीन बसें रवाना हुईं। उनके अनुसार, सीतापुर जनपद से करीब 600 से 700 लोग महारैली में शामिल होने पहुंचे।
हालांकि सीतापुर जनपद में AIMIM का अब तक कोई खास राजनीतिक प्रभाव दिखाई नहीं देता, लेकिन जिले की कई विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में AIMIM की सक्रियता स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
विपक्ष का वोट काटकर भाजपा की राह आसान तो नहीं करेंगे ओवैसी?
इस पूरे गठबंधन के सामने सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल यही है कि आखिर ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद भाजपा को सत्ता से बाहर करने की लड़ाई लड़ेंगे या फिर विपक्षी दलों के वोट बैंक में सेंध लगाएंगे?
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ जुड़ा रहा है। वहीं दलित मतदाताओं के बीच बहुजन समाज पार्टी का भी पारंपरिक प्रभाव रहा है। ऐसे में AIMIM यदि मुस्लिम बहुल सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारती है तो उसका मुकाबला केवल भाजपा से ही नहीं, बल्कि सपा और कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों से भी होगा।
पिछले विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को बेहद कम वोट मिले थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में पार्टी कोई बड़ा प्रभाव नहीं छोड़ सकी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या केवल मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने से AIMIM प्रदेश में कोई बड़ा बदलाव कर पाएगी?
दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद की युवा वर्ग और दलित समाज के एक हिस्से में राजनीतिक पकड़ को गठबंधन अपनी ताकत के रूप में पेश कर रहा है। दोनों नेताओं का साथ आना मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच एक नए राजनीतिक विकल्प की कोशिश है। लेकिन इस कोशिश की असली परीक्षा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन, सीटों के बंटवारे और मतदाताओं के समर्थन से होगी।
राजनीतिक विश्लेषण के लिहाज से गठबंधन की चुनौती केवल 40 प्रतिशत के अनुमानित सामाजिक वोट बैंक को एक मंच पर लाने की नहीं, बल्कि उसे वास्तविक चुनावी समर्थन में बदलने की भी है। यदि मुस्लिम मतदाताओं का एक हिस्सा AIMIM की तरफ जाता है और दलित मतदाताओं का समर्थन चंद्रशेखर आजाद को मिलता है, तो इसका असर सपा, कांग्रेस और बसपा के चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में भाजपा को अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की आशंका भी राजनीतिक बहस का हिस्सा है।
अब सवाल यह है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में एक नया राजनीतिक विकल्प खड़ा कर पाएगा या फिर विपक्षी वोटों के बंटवारे की वजह से चुनावी मुकाबले के समीकरण बदलेंगे?
फिलहाल लखनऊ की बहुजन स्वराज संकल्प महारैली ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत में एक नई बहस जरूर शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में यह गठबंधन अपनी राजनीतिक ताकत को किस तरह आगे बढ़ाता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।



