AIMIM कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, नितेश राणे के बयान के विरोध में DM को सौंपा ज्ञापन

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र बीजेपी नेता नितेश राणे के विवादित बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी सीतापुर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष नियाज़ हुसैन ने किया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नितेश राणे द्वारा AIMIM को आतंकवादी संगठन बताना तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की तुलना आतंकवादी ओसामा बिन लादेन से करना बेहद आपत्तिजनक और समाज में वैमनस्य फैलाने वाला बयान है। कार्यकर्ताओं ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष नियाज़ हुसैन ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी देश के करोड़ों वंचित, पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज की आवाज हैं। उनके खिलाफ इस प्रकार की अमर्यादित एवं भड़काऊ बयानबाज़ी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि AIMIM संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है और पार्टी नेतृत्व के सम्मान पर हमला पूरे संगठन और कार्यकर्ताओं के सम्मान पर हमला माना जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए नारेबाजी भी की और पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया। ज्ञापन कार्यक्रम में जिले की सभी विधानसभा इकाइयों के अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, यूथ टीम, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button