
- 4 से 8 नवंबर तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था, आठ ई-रिक्शा चलेंगे; भारी वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए भी तय किया गया समय
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। दीपावली के त्योहार पर शहर में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात की समस्या को देखते हुए नगर पालिका परिषद सीतापुर ने विशेष व्यवस्था की है। त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को जाम और पार्किंग की परेशानी से बचाने के लिए पांच दिनों तक निःशुल्क पार्किंग और ई-रिक्शा संचालन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर पालिका परिषद में 3 नवंबर को आयोजित यातायात व्यवस्था सुधार संबंधी बैठक में आगामी त्योहार को देखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक नगर पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें अधिशासी अधिकारी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक शहर में तीन स्थानों पर निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इनमें नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर, लालबाग के पीछे लकड़ी मंडी पार्किंग स्थल तथा एसपी कार्यालय के पीछे निर्धारित पार्किंग स्थल शामिल हैं। ये पार्किंग स्थल सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे।
इसके अलावा नागरिकों को बाजार तक आने-जाने में सुविधा देने के लिए 4 से 8 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आठ ई-रिक्शा निःशुल्क संचालित किए जाएंगे। इनका संचालन अटल चौक लालबाग चौराहे से कैप्टन मनोज पांडेय तिराहे तक किया जाएगा।नगर पालिका ने स्थानीय दुकानदारों से भी अपील की है कि वे अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों का कूड़ा-कचरा एक बैग में एकत्र कर नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी में ही डालें, जिससे बाजारों में साफ-सफाई बनी रहे और त्योहार के दौरान गंदगी की समस्या न हो।
वहीं भारी वाहनों की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए राजा कॉलेज मैदान पर रात 10 बजे से सुबह 9 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान ही भारी वाहन माल की लोडिंग-अनलोडिंग कर सकेंगे।
नगर पालिका के इन फैसलों का उद्देश्य दीपावली के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, बाजारों में जाम की समस्या कम करना और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को राहत देना है। अब देखना होगा कि इन व्यवस्थाओं का जमीन पर कितना प्रभावी क्रियान्वयन हो पाता है।



