Sitapur डीएम के काफिले के साथ बड़ा हादसा, तीन वाहन आपस में टकराए जिलाधिकारी की कार क्षतिग्रस्त

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नवाब नगर गांव के निरीक्षण के लिए निकले जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के काफिले में लहरपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि जिलाधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार काफिला जैसे ही निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक आगे चल रही एक गाड़ी ने तेज ब्रेक लगा दिए। इसके चलते पीछे आ रहे वाहन संतुलन नहीं बना सके और एक के बाद एक तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों को आंशिक नुकसान पहुंचा।

हादसे में जिलाधिकारी के गनर प्रदीप कुमार को चोटें आईं, जिन्हें मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत उपचार के लिए भेजा। चिकित्सकों के अनुसार घायल गनर की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन प्रशासनिक अमले और पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया। अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button