CM YOGI आदित्यनाथ से खैराबाद पालिका अध्यक्ष की मुलाकात, विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता से मंजूरी का आश्वासन

  • भुईंया ताली तीर्थ स्थल को पर्यटन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव

  • स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया

खैराबाद, सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बेबी गुप्ता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित 5, कालिदास मार्ग आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान नगर में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पालिका अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को खैराबाद में चल रहे प्रमुख कार्यों—अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण, अटल पार्क के विकास, गौरी देवी मंदिर में वंदन योजना के अंतर्गत हो रहे कार्यों तथा शहर की सफाई व्यवस्था—की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि नगर की बड़ी विकास परियोजनाओं एवं लंबित प्रस्तावों को शासन स्तर पर प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी जाएगी।
अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने खैराबाद के समग्र विकास हेतु कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें बस अड्डा निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आधुनिकीकरण, भुईंया ताली तीर्थ स्थल को पर्यटन के रूप में विकसित करने, नगर की चारों दिशाओं में स्थित प्राचीन मंदिरों—शीतला देवी, भुईंया ताली, गौरी देवी एवं पूर्वी देवी मंदिर—तक सुगम आवागमन मार्ग और प्रकाश व्यवस्था की स्थापना, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, अंत्येष्टि स्थल तथा एक आधुनिक स्टेडियम के निर्माण की मांग शामिल रही।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खैराबाद के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और आवश्यक कार्यों को शीघ्र गति प्रदान की जाएगी।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष बेबी गुप्ता की पुत्री अवंशिका भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय बातचीत की, जिस पर अवंशिका ने मुख्यमंत्री को गुलाब का फूल भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस भेंट को खैराबाद के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे नगर की आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button