
- सैकड़ों परिवार खतरे में, सप्लाई लाइन से आ रहा जहरीला पानी
- इंदौर जैसी घटना का लोगों को सता रहा डर
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। शहर के मोहल्ला तरीनपुर स्थित अंसारी टोला में इन दिनों सरकारी पेयजल सप्लाई को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नगर पालिका की पाइपलाइन से कीचड़युक्त, बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है, जिसमें कीड़े-मकौड़े तक निकल रहे हैं। इससे सैकड़ों परिवार दूषित पानी इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब गुरुवार को सप्लाई के पानी के साथ साँप के छोटे बच्चे निकलने लगे। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक न तो पाइपलाइन की सफाई हुई और न ही जलापूर्ति व्यवस्था की समुचित जांच की गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पानी का रंग पीला और मटमैला है तथा उसमें तेज दुर्गंध आती है। मजबूरी में लोग उसी पानी को छानकर या उबालकर उपयोग कर रहे हैं, लेकिन इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों में पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।
मोहल्लेवासियों ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया है कि क्या नगर पालिका सीतापुर, इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई कई मौतों जैसी घटना का इंतज़ार कर रही है? उनका कहना है कि जब तक कोई बड़ी अनहोनी न हो जाए, तब तक प्रशासन जागता क्यों नहीं? जब इस सम्बंध में ईओ नगर पालिका से बात करनी चाही गई तो उनका फोन नहीं उठा।
नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल पाइपलाइन की जांच, जलाशयों की सफाई, क्लोरीनेशन की समुचित व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
जनस्वास्थ्य से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर अब सभी की निगाहें प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि किसी संभावित बड़ी त्रासदी से पहले हालात को संभाला जा सके।



