Sitapur पहुंचे Samajwadi प्रदेश अध्यक्ष, मृतक शैलेन्द्र पाल के परिवार से की मुलाकात


  • सरकारी नौकरी व 50 लाख की आर्थिक सहायता की मांग
  • मास्टर सुरेश यादव ने बच्चों की पढ़ाई खर्च उठाने का किया एलान

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने जनपद सीतापुर की विधानसभा सीतापुर सदर के अंतर्गत ग्राम चिलवारा राजापुर पहुंचकर एटीसी कमांडेट के सरकारी आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए शैलेंद्र पाल के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।

उन्होंने दिवंगत के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य रखने का संबल दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। श्याम लाल पाल ने परिजनों को आश्वस्त किया कि समाजवादी पार्टी इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक स्तर पर आवाज उठाएगी। पीड़ित परिवार से मुलाकात के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि किसी भी नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु अत्यंत गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में सत्य को सामने लाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं तो प्रशासन को बिना किसी दबाव या पक्षपात के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य जनता के सामने आ सकें और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा मिले।

मीडीया से बात करते समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल व अन्य

उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी स्थापित होगा जब पीड़ित परिवार को समयबद्ध न्याय मिलेगा। किसी भी निर्दोष परिवार को न्याय के लिए दर-दर भटकने पर मजबूर नहीं होना चाहिए। उनके परिवार के लिए एक सरकारी आवास की भी सरकार से मांग की। समाजवादी पार्टी हमेशा अन्याय, उत्पीड़न और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी।
श्याम लाल पाल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि न्याय में विलंब भी अन्याय के समान है और सरकार को इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता, प्रवक्ता दिग्विजय सिंह देव, सपा नेता अनस खान

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, पार्टी उनका साथ नहीं छोड़ेगी। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कानून के अनुरूप हो, ताकि जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
प्रदेश अध्यक्ष के सामने मास्टर सुरेश यादव ने मृतक शैलेन्द्र पाल के बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी ली है, उनके बच्चों को पढ़ने में जो भी खर्च आएगा उसका वहन वो खुद करेंगे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी, लहरपुर विधायक अनिल वर्मा, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, पूर्व मंत्री रामहेत भारती,राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता, पूर्व विधायक रमेश राही, पूर्व मंत्री कमलेश यादव, प्रदेश सचिव रामपाल भार्गव, प्रदेश सचिव क्षत्रपाल सिंह यादव,प्रवक्ता दिग्विजय सिंह देव,मास्टर सुरेश यादव,पहला प्रमुख अजय यादव, कौशलेन्द्र सिंह,डॉ देशदीपक भार्गव,नीरज राज, कार्यालय प्रभारी जयसिंह,मास्टर प्रमोद वर्मा,अनस खान,शिवम सिंह,जयकरन राजवंशी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button