- जिला उद्योग बंधु की बैठक में विभागों की हुई समीक्षा, कार्यशैली पर उठे सवाल, उद्योगपतियों ने जिलाधिकारी के समक्ष रखीं अपनी समस्या
सीतापुर (पंच पथ समाचार)। शासन द्वारा गठित जिला उद्योग बन्घु/सिंगल विण्डों/निवेश मित्र की बैठक बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक आस्थानों के रख-रखाव, निवेश मित्र पोर्टल, निर्यात प्रोत्साहन योजना, औद्योगिक आस्थान सरांय मल्हुई में जल भराव की समस्या, मैसर्स सेठिया आयल इण्डस्ट्रीज की बिजवार रेलवे क्रासिंग पर बने ओवरब्रिज के दोनो ओर सर्विस रोड के चौड़ीकरण कराये जाने संबधी समस्या, औद्योगिक आस्थान सरांय मल्हुई के जर्जर तारों को बदलवाये जाने, मैसर्स विशम्भर एग्रो प्रा0लि की विद्युत लाईन निर्माण से सम्बन्धित समस्या एवं मैसर्स सीतापुर ग्रीन इनर्जी प्रा0लि0 को सी0बी0जी0 प्लांट की स्थापना हेतु यू0पी0नेडा से एन0ओ0सी0 दिलाये जाने संबंधी समस्यओं के त्वरित समाधान करने हेतु जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मैसर्स सीतापुर ग्रीन एनर्जी के निदेशक अक्षत अग्रवाल का कहना है कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले यूपी नेडा को एनओसी के लिए आवेदन दिया था परंतु हमें अभी तक विभाग से एनओसी नहीं प्राप्त हो सकी है। पिछले एक वर्ष में विभाग से कई बार निवेदन कर चुका हूं परंतु अभी तक समस्या का हल नहीं हो सका। थक हार अब मैंने यह समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी है। उम्मीद है अब समस्या का समाधान हो जाएगा।
बैठक में ओ0डी0ओ0पी0, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एम0ओ0यू0 के क्रियान्वयन एवं जी0बी0सी0-5.0 की तैयारी इत्यादि की समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरान्त जिलाधिकारी महोदय द्वारा बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि सी0एम0 युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति दिनांक 06-08-2026 तक मानक के अनुरूप प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें।
जनपद के ओ0डी0ओ0पी0 उत्पाद दरी के विकास/प्रचार-प्रसार हेतु माह अक्टूबर में प्रस्तावित बायर-सेलर मीट की तैयारियों की समीक्षा की गयी। इस बायर-सेलर मीट में विदेशी एवं स्वदेशी बायरों की प्रतिभागिता सुनिश्चित कराये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देश दिये गये। बायर-सेलर मीट के सफल आयोजन हेतु मुख्य विकास अधिकारी महोदया को नोडल अधिकारी नामित किया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से मुख्य विकास अधिकारी डा0 दीक्षा जोशी, उपायुक्त उद्योग नेहा सिंह सहित अनेक उद्यमीगण/व्यापारीगण उपस्थित रहे।



