- रेड ज़ोन में आया जनपद सीतापुर, प्रशासन ने दी सलाह
- शहर के कई मोहल्लों समेत तहसीलों में भी जानी बारिश की स्थिति
- एसडीएम तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी लगातार बनाए हुए हैं नज़र
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जनपद में लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश के चलते स्थिति गंभीर बनी हुई है। आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। शुक्रवार की देर रात जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ग्राउंड ज़ीरो पर जायज़ा लेने उतरे। अफसरों ने शहर के कई मोहल्लों में लोगों से बातचीत की और सलाह दी कि ज़रूरी हो तो ही घर से निकले अन्यथा घर पर ही रहें। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
आपको बता दें कि जनपद सीतापुर इस समय रेड ज़ोन में है जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं और नज़र बनाए हुए है। जिलाधिकारी नगर के वार्ड पूर्णागिरि मोहल्ला ,चांदी हनुमान मंदिर क्षेत्र सहित तहसील सिधौली स्थित बिसवां चौराहे का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जलभराव एवं जल निकासी की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा लगातार वर्षा की स्थिति पर नजर रखते हुए जलभराव एवं जल निकासी से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनसामान्य की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।



