DPS SITAPUR में “क्राफ्टी क्रिएशन एवं फ्लॉवर सिम्फनी 2.0” का भव्य आयोजन

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। Delhi Public School Sitapur में कला प्रदर्शनी एवं पुष्प प्रदर्शनी “क्राफ्टी क्रिएशन एवं फ्लॉवर सिम्फनी 2.0” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सविता सिंह के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक चित्रकृतियाँ, सृजनात्मक हस्तशिल्प, विविध शैक्षिक मॉडल तथा मनोहारी पुष्प सज्जाओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, सौंदर्यबोध और परिश्रम का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। विशेष रूप से “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” की थीम के अंतर्गत बच्चों ने अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी और सुंदर सामग्री तैयार कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सजगता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पीवीसी, डीपीएस सीतापुर एवं अध्यक्षा, सीतापुर शिक्षा संस्थान तनुश्री मेहरोत्रा द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मकता और आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जनपद की प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कमल बैजल तथा डॉ. सुमन मेहरोत्रा, सचिव, सीतापुर शिक्षा संस्थान भी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही। साथ ही सीतापुर शिक्षा संस्थान के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आर. के. सिंह ने समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की सृजनात्मक सोच, प्रतिभा और कठोर परिश्रम का जीवंत उदाहरण है तथा विद्यालय भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
समग्र रूप से यह प्रदर्शनी अत्यंत प्रेरणादायक एवं आकर्षक रही, जिसने उपस्थित सभी जनों को विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार से प्रभावित किया।

Related Articles

Back to top button