UP में अंतिम मतदाता सूची जारी: 13.39 करोड़ वोटर, करीब 2.05 करोड़ नाम सूची से बाहर

  • 84 लाख जुड़े नए वोटर तो 2 करोड़ पुराने हुए गायब
  • छः जिलों में बढ़े सर्वाधिक नाम 
  • यूपी में पूरी हुई SIR प्रक्रिया, 166 दिन चला काम

लखनऊ (पंच पथ न्यूज़)। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि प्रदेश में अब कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता पंजीकृत हैं। यह प्रक्रिया प्रदेश में चुनावी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सटीक और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से करीब 166 दिनों तक चलाई गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान प्रदेश के हर जिले में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), निर्वाचन कर्मियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतदाता सूची का गहन सत्यापन किया गया। घर-घर जाकर सत्यापन, दावे और आपत्तियों की सुनवाई तथा दस्तावेजों के परीक्षण के बाद अंतिम सूची तैयार की गई है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी मतदाता का नाम बिना पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाए नहीं हटाया गया।

● ड्राफ्ट सूची से 84 लाख नए वोटर जुड़े
6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता दर्ज थे। इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपने नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और त्रुटियां ठीक कराने के लिए आवेदन किए।
इन दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 84 लाख 28 हजार 767 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13.39 करोड़ पहुंच गई।

● अक्टूबर की तुलना में 2.05 करोड़ नाम कम
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में जब मतदाता सूची फ्रीज हुई थी, तब प्रदेश में करीब 15 करोड़ 44 लाख मतदाता दर्ज थे।
अब जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 रह गई है। ऐसे में अक्टूबर की सूची की तुलना में करीब 2 करोड़ 5 लाख मतदाताओं के नाम कम हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सूची से हटाए गए नामों में मृतक, दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके लोग, डुप्लीकेट नाम, अपात्र मतदाता और गलत प्रविष्टियां शामिल हैं। सत्यापन के दौरान ऐसे मामलों की पहचान कर नियमानुसार नाम हटाए गए।

प्रेस वार्ता करते नवदीप रिणवा मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश

● किन जिलों में बढ़े सबसे ज्यादा वोटर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। खासतौर पर:
• प्रयागराज
• लखनऊ
• गाजियाबाद
• जौनपुर
• मऊ
• बरेली
इन जिलों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, युवाओं की भागीदारी और दावे-आपत्तियों की सक्रिय प्रक्रिया का असर देखने को मिला है।

● नाम छूटा है तो अभी भी जुड़वा सकते हैं
निर्वाचन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अंतिम मतदाता सूची में नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मतदाता फॉर्म-6 भरकर अभी भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
मतदाता अपना नाम, बूथ और अन्य जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी जांच सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे समय रहते अपनी मतदाता जानकारी की जांच करें, ताकि चुनाव के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन रखना लोकतंत्र को मजबूत करने की सबसे जरूरी प्रक्रिया है।

Related Articles

Back to top button