सिधौली-बिसवां में सपा का शक्ति प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

  • सपा नेताओं ने भरी हुंकार, नसीमुद्दीन सिद्दीकी का भव्य स्वागत
  • पीडीए फॉर्मूले के सहारे 2027 फतह की तैयारी
  • सीतापुर में बदलते राजनीतिक समीकरण

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जनपद के सिधौली और बिसवां विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को समाजवादी पार्टी का जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत कर राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया। जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के बीच हुए स्वागत ने क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की सक्रियता को उजागर किया।

सिधौली कस्बे के महमूदाबाद चौराहे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश सचिव एडवोकेट रामपाल भार्गव, वरिष्ठ नेता प्रदीप सिंह चौहान, समाजवादी छात्र सभा के जिला सचिव अंकित यादव ‘बादल’, युवा नेता आबिद अली, नगर अध्यक्ष मोहम्मद सिराज तथा विधानसभा सचिव आर.के. यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा विकास गौतम, सुरेश राजपूत, शिव भार्गव और राजेश नेता उर्फ राजा सहित क्षेत्र के कई प्रमुख लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसके बाद पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी बिसवां विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने गुलजार शाह मेले के कार्यक्रम में शिरकत की। यहां भी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में जासमीर अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि “जालिमों की हुकूमत को हटाना है और युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं को एकजुट करना है।” उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि आम जनता परेशान है और अब बदलाव चाहती है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के फार्मूले को मजबूत कर रही है और प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाने का आह्वान करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
सिधौली और बिसवां में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह संकेत दे दिया कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button