
- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सीतापुर में जनकल्याण एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेश के सभी जनपदों में संचालित किए जा रहे समेकित जन कल्याण एवं जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, सीतापुर में उद्यमियों एवं व्यवसायियों से संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान एवं मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उद्यमियों एवं लाभार्थियों को दी गई। सहायक आयुक्त उद्योग संजीव सिंह ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, निर्यात प्रोत्साहन हेतु एमडीए योजना, तकनीकी उन्नयन योजना तथा एमएसएमई पॉलिसी-2022 सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। ओडीओपी योजना के लाभार्थी जगदीश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने 25 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर दरी उद्योग स्थापित किया है, जिससे 60 से 70 लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि पहले निजी नौकरी से परिवार का भरण-पोषण कठिन था, लेकिन अब उद्योग के माध्यम से आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। इसी प्रकार आकांक्षा वर्मा ने ब्यूटी पार्लर, शशी देवी ने पगड़ी-साफा निर्माण तथा सुमित कुमार ने मशरूम उत्पादन इकाई के संचालन का अनुभव साझा किया।
कार्यक्रम में जनपद के प्रतिष्ठित उद्यमी विजय बंसल, महेंद्र अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, कुलदीप सिंह, हाफिज मोहम्मद अकरम, संजय बंसल एवं इश्तियाक हुसैन को उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 20 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए, जबकि 11 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, नगर पालिका परिषद सीतापुर की अध्यक्ष नेहा अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, एलडीएम सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, व्यवसायी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।



