
- बढ़े जलस्तर से घिरे घर से परिवार को निकाला सुरक्षित, एक ही परिवार के थे चार लोगों
- पुलिस अधीक्षक ने रेस्क्यू टीम की प्रशंसा, देंगे नगद पुरुस्कार
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। उफनती सरायन नदी के रौद्र रूप के बीच पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने गुरुवार को अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक दर्दनाक हादसे को होने से टाल दिया।
डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम लोनियन पुरवा में सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी एक मकान के चारों ओर भर गया है। घर के अंदर पति-पत्नी और उनके दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे जलभराव में फंसे हुए है और पानी का स्तर पल-पल बढ़ रहा है जिससे पूरे परिवार की जान जोखिम में है।
सूचना मिलते ही बिना एक पल गंवाए पीआरवी 112, चौकी प्रभारी मंडी उप-निरीक्षक अश्मित भारती, आरक्षी शुभम गुर्जर तथा फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। चारों तरफ पानी से घिरे मकान में घुसकर पुलिस टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पीड़िता, उनके पति और दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा प्रशंसा व पुरस्कार की घोषणा : बाढ़ के पानी से सुरक्षित बाहर निकलते ही पीड़ित परिवार की आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल संकट की घड़ी में त्वरित रिस्पॉन्स देकर 04 जिंदगियां बचाने वाली पूरी रेस्क्यू टीम के साहसिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उत्साहवर्धन हेतु नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
आम जनमानस से अपील
क्षेत्र में अन्य नागरिकों को भी जलस्तर के प्रति सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं शांत है। सरायन नदी व अन्य निचले इलाकों के पास जाने से बचें। बच्चों व मवेशियों को पानी के बहाव से दूर रखें।
अपील : बाढ़ या जलभराव से जुड़ी किसी भी भ्रामक जानकारी को शेयर न करें, केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही विश्वास करें। यदि आपके आसपास जलस्तर अचानक बढ़ता है या कोई संकट में फंसता है, तो तत्काल डायल 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा) या फायर ब्रिगेड को सूचित करें।



