करीब 10 साल की प्रशासनिक सेवा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बाद अब प्रथमेश कुमार पहली बार जिलाधिकारी के रूप में सीतापुर की कमान संभालेंगे। डॉ. राजा गणपति आर का तबादला
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जनपद सीतापुर के प्रशासनिक नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर का तबादला कर उन्हें निदेशक, राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। करीब एक वर्ष तक सीतापुर में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले डॉ. राजा गणपति आर के स्थान पर अब 2016 बैच के आईएएस अधिकारी प्रथमेश कुमार को जनपद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। प्रथमेश कुमार अभी तक लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आईएएस अफसर बनने के बाद यह पहला मौका है जब उन्हें पूरे जनपद की कमान सौंपी जा रही है। प्रथमेश कुमार को पहली बार जिला मिला है। तो उनके लिए कई स्तरों पर चुनौतियां रहने वाली हैं।
कौन हैं आईएएस प्रथमेश कुमार?
प्रथमेश कुमार उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उनका जन्म 4 अगस्त 1992 को हुआ था और वह मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित किया और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी में जुट गए। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की और भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान प्राप्त किया।
आईएएस बनने के बाद प्रथमेश कुमार ने प्रशासनिक प्रशिक्षण पूरा किया और वर्ष 2017 में आगरा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कीं। यहां से उनके प्रशासनिक करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद वर्ष 2018 में उन्हें गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस पद पर रहते हुए उन्हें जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं को समझने का अवसर मिला।
वर्ष 2020 में प्रथमेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया। सीडीओ के रूप में उन्होंने विकास योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद वर्ष 2021 में उन्हें उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनाती मिली। शासन स्तर पर काम करने के दौरान उन्हें नीतिगत फैसलों और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त हुआ।
इसके बाद उन्हें इन्वेस्ट यूपी में एसीईओ (अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी) की जिम्मेदारी दी गई। निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े मामलों में काम करने के बाद वर्ष 2024 में उन्हें लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। एलडीए में रहते हुए उन्होंने राजधानी की विकास योजनाओं और शहरी विकास से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाली।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने करीब एक वर्ष के कार्यकाल में जनता से सीधे संवाद और प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई की अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। ऐसे में अब नए जिलाधिकारी से भी जनता को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित को प्राथमिकता देने वाले प्रशासन की उम्मीद रहेगी।
अब देखना होगा कि आईएएस प्रथमेश कुमार सीतापुर की प्रशासनिक कमान संभालने के बाद जिले की समस्याओं को किस तरह प्राथमिकता देते हैं और विकास की गति को नई दिशा देने के लिए क्या कदम उठाते हैं।



