खैराबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस, विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

  • सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ खैराबाद में गणतंत्र दिवस के मौके पर विभन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

 

(पंच पथ न्यूज़)
सीतापुर, खैराबाद। देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक गणतंत्र दिवस को खैराबाद में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। नगर पालिका परिषद खैराबाद परिसर में ध्वजारोहण एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता, अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता, सभासदगण, नगरपालिका कर्मचारी तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी मुख्य रूप से सहभागिता की। ग्राम सभा विसुन नगर स्थित आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन के कार्यालय पहुँचकर दिव्यांग भाई-बहनों को ट्राई साइकिल वितरित की गईं। वहीं कुष्ठ आश्रम खैराबाद में अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता, सभासदगण एवं अभिषेक गुप्ता के साथ आश्रमवासियों को फल वितरित कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया गया।

इसके बाद हटौरा कंपोजिट विद्यालय में शिला फलक का अवलोकन किया गया तथा महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाला हरि प्रसाद और अल्लामा फजले हक के स्मारकों पर पहुँचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना ही गणतंत्र दिवस का सच्चा सम्मान है।
डॉ. याकूब के यहां स्थित हाईवे ट्रामा सेंटर पर भी ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं, जहां हॉस्पिटल स्टाफ व गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके साथ ही खैराबाद के मोहल्ला माखूपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

पूरे खैराबाद में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता की सक्रिय सहभागिता के साथ देशभक्ति, सेवा और सामाजिक एकता की भावना के बीच गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया।

Related Articles

Back to top button