भीषण अग्निकांड से दहला Sitapur : मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पूरे गांव में फैली आग मची अफरा-तफरी

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। शनिवार देर शाम उस समय हाहाकार मच गया जब देखते ही देखते पूरे गांव में आग फैल गई। सरैया चलाकापुर गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां खाना बनाते समय निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। तेज आंधी के चलते आग तेजी से फैल गई, जिससे मां-बेटी की जलकर मौत हो गई, जबकि एक सात वर्षीय बालिका गंभीर रूप से झुलस गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजाराम के घर में चूल्हे पर भोजन बन रहा था। इसी दौरान चिंगारी छप्पर तक पहुंच गई और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं के कारण देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में शत्रोहन की पत्नी फूलमती (45) और उनकी मां (60) की मौत हो गई। वहीं, माही (7) गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

देखते देखते पूरा गाँव आया आग की चपेट में-
इस अग्निकांड में कुल 14 घर जलकर राख हो गए। प्रभावित परिवारों में राजाराम, शत्रोहन, अवधराम, वीरेश, हरिश्चंद्र, झब्बूलाल, देशराज, श्रीराम, राजू, रमेश प्रकाश, रामलाल, सावन, सुरेश प्रकाश और अशोक वर्मा शामिल हैं। आग की चपेट में आकर कई मवेशी भी झुलस गए।

संकरी गली होने से फसी दमकल की गाड़ियां-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि दमकल की गाड़ी संकरे रास्ते के कारण गांव के बाहर ही फंस गई और समय पर मौके तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि दमकल चौड़े मार्ग से आती तो नुकसान कम हो सकता था।

ग्रामीणों ने हैंडपम्प से भरा पानी-
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने हैंडपंपों से पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज आंधी के चलते उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना स्थानीय तहसील प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या और SDM मौके पर पहुंच घटना की जानकारी जुटा रहे हैं। 

Related Articles

Back to top button