26 दिन से युवक लापता, नामजद आरोपियों पर कार्रवाई न होने से उठे सवाल

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र से लापता हुए युवक का 26 दिन बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। मामले में परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी पर ठोस कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शेख सरांय निवासी अताउर्रहमान ने लहरपुर कोतवाली में दर्ज कराए गए मुकदमे में पटकी टोला निवासी सीमा बानो, मुन्ना, हुस्ना, आसिफ, शीबू, छोटे, शानू, शहीद, सबा, सना, फिदा तथा शहर कोतवाली क्षेत्र के कोट कर्बला निवासी मरों पत्नी शरीफ, खुशनुमा पत्नी कय्यूम, वसीक और हसीब को नामजद किया है।
परिजनों के अनुसार 24 वर्षीय अरकानुर्रहमान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर परिवार ने हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई।

मामले में 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों का आरोप है कि एफआईआर के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए हैं।

परिजनों का आरोप है कि 24 वर्षीय अरकानुर्रहमान को गलत मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर आरोपियों ने करीब दो साल पहले उसका निकाह सीमा बानो से करा दिया था और कोर्ट मैरिज भी कराई गई थी। बताया जाता है कि सीमा की विदाई नहीं हुई थी, जिसके चलते विवाद बना रहा।
इसी विवाद के चलते आरोप है कि सीमा ने दुष्कर्म व दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराने के बाद बहाने से अरकानुर्रहमान को लहरपुर बुलाया और इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर संभवतः हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के लिए उसे गायब कर दिया गया।
घटना के बाद नहर में कूदने की सूचना पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां युवक की बाइक मिली, लेकिन अरकानुर्रहमान का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे परिजनों की आशंका और गहरा गई है।
परिजनों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक न तो किसी आरोपी से सख्ती से पूछताछ की और न ही गिरफ्तारी की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। उनका आरोप है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
परिवार ने यह भी कहा कि पुलिस की ओर से अब तक उन्हें जांच की प्रगति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से लेकर एडीजी तक शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button