
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। सामाजिक संगठन अर्कवंशी युवा एकता मंच द्वारा लगातार तीसरे वर्ष मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह–2026 का भव्य आयोजन वृंदा रिज़ॉर्ट एंड वॉटर पार्क, लखनऊ रोड (NH-30), बिनौरा, सीतापुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती शिवदेवी अर्कवंशी एवं विशिष्ट अतिथि राकेश सिंह अर्कवंशी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख) ने कुल गौरव महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अर्कवंशी समाज के 29 मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में प्रमुख रूप से प्रिया सिंह अर्कवंशी (91.83%), अनिकेत अर्कवंशी (91.00%), दिव्या दिनकर (90.85%), देवकी अर्कवंशी (89.66%) एवं अबी सिंह अर्कवंशी (88.00%) शामिल रहे। वहीं विशेष उपलब्धि के लिए देवव्रत अर्कवंशी, जिन्होंने युवा संसद भाषण प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त की है, को भी सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संडीला सहित विभिन्न जनपदों से आए छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. अर्कवंशी श्रीराम शास्त्री, सतीश सिंह अर्कवंशी (यूपीएससी शिक्षक), देवेंद्र सिंह अर्कवंशी, पत्रकार रामनरेश आर्य, समाजसेवी आनंद सिंह अर्कवंशी, डॉ. मनोज सिंह अर्कवंशी एवं कवि मदन पाल अर्कवंशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा, अनुशासन और समाज सेवा का संदेश दिया।
इसके साथ ही इस अवसर पर एचसीएल टेक के सॉफ्टवेयर इंजीनियर मृत्युंजय सिंह अर्कवंशी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया तथा आधुनिक तकनीकी शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं ओजस्वी संचालन धनंजय सिंह अर्कवंशी ने किया। इस दौरान समाज के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विशिष्ट अतिथियों को श्रीमद्भगवद्गीता, सम्मान-पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष कैप्टन संदीप बाबू अर्कवंशी, कार्यक्रम प्रभारी एडवोकेट आनंद कुमार अर्कवंशी, प्रमुख महासचिव कुलदीप सिंह अर्कवंशी, पूर्व अध्यक्ष विमल सिंह अर्कवंशी, रामगोपाल अर्कवंशी, मीडिया प्रभारी ललित सिंह अर्कवंशी, जिलाध्यक्ष अमित कुमार अर्कवंशी, आशीष सिंह अर्कवंशी, सुरेश सिंह अर्कवंशी, अनुराग सिंह अर्कवंशी, ब्रजेश, सहित संगठन के समस्त पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मीडिया से वार्ता के दौरान कार्यक्रम के प्रभारी एडवोकेट आनंद कुमार अर्कवंशी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है। अर्कवंशी युवा एकता मंच संगठन भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।



