
- नाली की साफ सफाई न होने से सड़क पर भर रहा पानी
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। पुराने शहर के मोहल्ला पटिया इस्लामबाग से मकबूल बाग जाने वाली गली में इन दिनों मोहल्लेवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नाले पर गलत तरीके से पड़े बड़े पत्थरों के कारण इस गली से ट्रक, ट्रैक्टर समेत बड़े वाहनों की आवाजाही लगभग 24 घंटे बनी रहती है। इसके चलते गली की सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क की बदहाली और नाली का गंदा पानी सड़क पर भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, जलभराव के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह रास्ता मुख्य रूप से मोहल्ले की गली है, लेकिन बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही ने इसे जर्जर बना दिया है। सड़क पर जगह-जगह खराब स्थिति के कारण आए दिन लोग चोटिल होते हैं। पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी मोहम्मद अनस, अदनान कलीम और मोहम्मद कलीम का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने मांग की है कि नाले पर गलत तरीके से पड़े बड़े पत्थरों को इस तरह काटकर व्यवस्थित किया जाए कि भारी वाहनों का प्रवेश रोका जा सके और केवल छोटे वाहन ही निकल सकें। इसके साथ ही गली की सड़क का नए सिरे से निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मोहल्लेवासियों ने संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से समस्या का जल्द संज्ञान लेने की अपील की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार इस समस्या के समाधान के लिए कब तक कदम उठाते हैं और स्थानीय लोगों को बदहाल सड़क व जलभराव से कब राहत मिलती है।



