
- जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने दी सभी को बधाई
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (मध्य) ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जनपद में जिला युवा कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्षों की सूची को तत्काल प्रभाव से स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही जिले में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जिला युवा कांग्रेस सीतापुर के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
नई कार्यकारिणी में 6 उपाध्यक्ष, 6 महासचिव और 21 सचिव नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा जिले के प्रमुख नगर क्षेत्रों में भी युवा कांग्रेस के नगर अध्यक्षों की घोषणा की गई है। इनमें खैराबाद, सीतापुर, हरगांव, लहरपुर, महमूदाबाद, मिश्रिख, सिधौली, महोली, तंबौर, पैंतेपुर और बिसवां शामिल हैं।
संगठन की ओर से सीतापुर जिले के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई है। इसके जरिए कांग्रेस संगठन को गांव और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई है। वहीं, जिले की सभी विधानसभा सीटों पर विधानसभा अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को विधानसभा स्तर पर भी मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।युवा कांग्रेस का लक्ष्य नई जिम्मेदारियों के जरिए अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। संगठन का दावा है कि नई नियुक्तियों से जिले में युवा कांग्रेस की गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा आगामी समय में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।



