SITAPUR : बीते 24 घंटो में हुई बारिश के ताज़ा हालात, नदियों की क्या है स्थिति

  • सीतापुर में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदियां उफान पर

(पंच पथ न्यूज़) सीतापुर। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार सुबह 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक जिले में 67 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर इसका गहरा असर पड़ा है।

बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। मुख्य बाजार, मोहल्ला कोट, पक्का पुल, समेत अन्य मोहल्लों की स्थिति बेहद खराब है। विद्यालयों के आसपास और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और दुकानदारों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। कई स्कूलों में छुट्टियां भी घोषित करनी पड़ीं।

नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक घाघरा नदी (ग्राम-अंगरौरा) में 118.50 मीटर, गोमती नदी (निमसार) 122.16 मीटर और शारदा बैराज 218.75 गेज मीटर पर बह रही है। वही शहर में बह रही अगर सरायन नदी की बात की जाए तो उसका जल स्तर लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। जिससे नदी के किनारे रह रहे लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। और इसी के साथ कई नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं। प्रशासन ने नदी किनारे और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। बाढ़ जैसी स्थिति बनते देख प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। और कई गांवों को खाली भी करा लिया गया है। ज़िला प्रशासन हर स्तर पर सावधानी बरत रहा है। और समय समय पर नदियों व बैराजों की स्थिति को देख रहा है। ज़िला प्रशासन ने तहसीलों में अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।

बारिश जहां किसानों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं शहर और कस्बों में यह मुसीबत का कारण बन गई है। अगर बारिश का यही सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति भी बन सकती है।
लगातार हो रही बारिश ने शहर के मोहल्लों और गलियों की साफ सफाई की पोल खोल दी है।

Related Articles

Back to top button