- हज़ारो की आबादी प्रभावित, ज़िम्मेदार अनजान
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। पुराने शहर की बदहाल सड़कों को देखकर ऐसा लगता है मानो शहर की सुध लेने वाला कोई जिम्मेदार बचा ही नहीं है। मन्नी चौराहे से तरीनपुर जाने वाले प्रमुख मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब है। सड़क पर बनी जर्जर पुलिया हादसे को दावत दे रही है, जिसके चलते लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा था।

हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बांस-बल्ली लगाकर मार्ग को पूरी तरह बंद करना पड़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह स्थिति पिछले कई महीनों से बनी हुई है, जबकि बीते करीब एक सप्ताह से मार्ग पूरी तरह बंद है। बावजूद इसके अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
यह मार्ग पुराने शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इससे होकर आवागमन करते हैं। जर्जर पुलिया के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित जिम्मेदारों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बने हुए हैं।
वहीं, मामले को लेकर जब संबंधित अधिकारियों से फोन पर जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव करना भी मुनासिब नहीं समझा। ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहर के प्रमुख मार्ग पर बनी पुलिया जर्जर होकर आवागमन के लिए खतरा बन चुकी है और रास्ता बंद करना पड़ गया है, तो आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जर्जर पुलिया की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सके और किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।



