
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरुद्ध दर्ज यौन शोषण प्रकरण की एफ.आई.आर. को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध दर्ज कराते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जिला अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि एफ.आई.आर. दर्ज कराने वाले व्यक्तियों की पृष्ठभूमि, परिस्थितियों तथा संभावित प्रेरक तत्वों की भी गहन जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
कांग्रेसजनों का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी धार्मिक एवं सामाजिक पद पर आसीन व्यक्ति के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही होनी चाहिए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मामले की समुचित जांच कर सत्य को सार्वजनिक किया जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्भावना, षड्यंत्र या राजनीतिक प्रेरणा की आशंका का निराकरण हो सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. ममता वर्मा ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं एवं सामाजिक सद्भाव से जुड़े मामलों में प्रशासन को विशेष संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरतनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष हो और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष शिशिर बाजपेई, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, दानिश नक़बी, किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजेश सिंह तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत दीक्षित, मीडिया विभाग की प्रदेश महासचिव दीपा वैश्य, जिला महामंत्री श्रेष्ठ तिवारी, आजाजुद्दीन अंसारी, जिला सचिव अनिल दीवान, रामचंद्र भार्गव, राजेंद्र गौंड, आमोद मिश्रा, श्रीष चंद शुक्ला, राजकुमार भार्गव, शबनम, मीना मिश्रा, प्रेम लता एवं नागराज कश्यप सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



