पानी बढ़ता जा रहा, घर डूबते जा रहे… सरायन नदी किनारे रहने वालों में दहशत

  • तरीनपुर, अंसारी टोला समेत आस पास का इलाका प्रभावित
  • दर्जन भर से ज़्यादा घरों में घुसा पानी, लोगों को सता रही चिंता

● रेहान अंसारी

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। सरायन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से शहरवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शहर के तरीनपुर और अंसारी टोला सहित नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ का असर बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों मोहल्लों में दर्जन भर से अधिक घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नदी के बढ़े जलस्तर से चपेट में कई मकान (फोटो: ज़ुहैब आब्दीन अंसारी)

लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच स्थानीय निवासियों ने वीडियो बनाकर प्रशासन से कई सवाल खड़े किए हैं। मोहल्लावासियों का कहना है कि आखिर पानी कब तक बढ़ता रहेगा और कब घटेगा? प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव के क्या इंतजाम किए गए हैं? क्या कहीं से पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है? ऐसे तमाम सवालों को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।

शहर के रिहायशी इलाके में घुसा पानी ( फोटो : ज़ुहैब आब्दीन अंसारी)

वहीं, जलभराव वाले इलाकों में बदबू और गंदगी की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। पानी के लंबे समय तक जमा रहने से लोगों को संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा सता रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रभावित क्षेत्रों में समय-समय पर दवा छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि जलभराव के कारण पैदा होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।

बढ़े जलस्तर के साथ साथ सेहत की चिंता भी रही सता (फोटो : ज़ुहैब आब्दीन अंसारी)

बढ़ते जलस्तर के बीच लोगों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के पुख्ता इंतजाम करने, जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा पानी बढ़ने के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button