
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुरू की तैयारी, सीतापुर की सभी नौ सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने और जीतने का लक्ष्य
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जिला कांग्रेस कमेटी सीतापुर के अध्यक्ष पद पर डॉ. ममता वर्मा को पुनः नियुक्त किया गया है, जबकि शिशिर बाजपेई को एक बार फिर शहर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं पर दोबारा भरोसा जताते हुए संगठन की कमान उनके हाथों में सौंपी है।
पुनर्नियुक्ति पर डॉ. ममता वर्मा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है और जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए वह शीर्ष नेतृत्व की बहुत-बहुत आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगातार मजबूती से जुटे हुए हैं।
डॉ. ममता वर्मा ने कहा कि सीतापुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ना और जीतना पार्टी का लक्ष्य है। गठबंधन के तहत पार्टी, चुनाव चिह्न या प्रत्याशी चाहे जिसे मिले, सभी को मिलकर चुनाव लड़ना और जिताना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की प्राथमिकता सभी नौ सीटों पर एकजुट होकर काम करने की है।
वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव में स्वयं चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व जो फैसला करेगा और जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।
दोनों पदाधिकारियों की पुनर्नियुक्ति के बाद अब सीतापुर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी उनके सामने होगी।



