
- नए शहर को पुराने शहर से जोड़ने वाला सबसे अहम पुल है, जिसे पक्का पुल के नाम से जाता है।
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। पुराने और नए शहर को जोड़ने वाला पक्का पुल अब नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा। शासन स्तर पर प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद करीब 7 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की तैयारी है। यह पुल लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिसके चलते इसे भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था।
सरायन नदी पर बने इस पुल को करीब एक सदी पुराना माना जाता है और अंग्रेजों के समय निर्मित हुआ था। जो कि अंग्रेज़ी हुकूमत के दौरान माल ढोने में अहम कड़ी माना जाता था। वर्तमान में इसकी चौड़ाई सीमित होने और लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को आए दिन जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता है। नए पुल के निर्माण से इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नए पुल का निर्माण करीब सात मीटर चौड़ा व अठ्ठाईस मीटर लंबा होगा। वर्तमान समय में पुल की चौड़ाई लगभग साढ़े पांच मीटर है।

प्रस्तावित योजना के तहत पुराने पुल को हटाकर उसकी जगह अधिक चौड़ा और मजबूत पुल बनाया जाएगा। नए पुल की चौड़ाई वर्तमान की तुलना में बढ़ाई जाएगी, जिससे बड़े वाहनों के आवागमन में भी सुविधा होगी। इस परियोजना से लगभग 80 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि बीते समय पुल की स्थिति खराब होने के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इसे बंद कर दिया था। हालांकि, किनारे पर सीमित स्थान छोड़कर छोटे वाहनों के आवागमन की व्यवस्था की गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर के प्रमुख और व्यस्त रास्तों में शामिल है, जिससे रेलवे स्टेशन, बाजार और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच आसान होती है। ऐसे में नए पुल का निर्माण न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और आवागमन को भी गति देगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने की दिशा में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।



